असल न्यूज़: दिल्ली में बढ़ती ठंड के साथ ही बेघरों की आफत भी आ गई है। पिछले दो दिनों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पांच लावारिस लाश बरामद हुईं हैं, ये लाशें बेघरों की हैं, जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच के बाद इनकी मौत का कारण ठंड को माना जा रहा है। क्योंकि किसी के भी शरीर चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
कल मिलीं थीं तीन लाश
फिलहाल इन सभी बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मौत की असल वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ होगी। फिलहाल माना जा रहा है कि ये सभी बेघर हैं और सड़क पर ही गुजर बसर करते थे। पुलिस सूत्र ने बताया, 3 दिसंबर को रोहिणी के बीएसए हॉस्पिटल के पास एक बुजुर्ग की लाश पड़ी मिली थी। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था।
रोहिणी में मिला एक शव
मृतक के पास कोई दस्तावेज भी नहीं मिला। जिस कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी है। उनकी उम्र 62-63 वर्ष बताई जा रही है। नॉर्थ रोहिणी पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कल ही रोहिणी सेक्टर-23 में एक युवक की भी लाश मिली थी। मृतक की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। युवक की भी पहचान नहीं हो सकी है।
मल्कागंज में भी मिली युवक की लाश
अमन विहार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। कल ही नॉर्थ दिल्ली के मलकागंज इलाके में स्थित कबीर बस्ती के रैन बसेरे के पास एक युवक की लाश मिली। मरने वाले की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी उम्र 30 वर्ष के आस-पास है और शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। सब्जी मंडी पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है।
मंगलवार को मिलीं थीं दो लाश
वहीं 2 दिसंबर को मयूर विहार फेज-1 मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक की लाश मिली। मरने वाले की उम्र करीब 25 वर्ष है। शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। इसकी भी पहचान नहीं हो पाई है। पांडव नगर पुलिस इस केस की जांच कर रही है। इसी दिन मॉडल टाउन इलाके में नानक पियाऊ गुरुद्वारे के पास 55 वर्षीय शख्स की लाश मिली।

