असल न्यूज़: दिल्ली के मोती बाग स्थित एक पार्क में दो लड़कों को चाकू मारा गया। इस सनसनीखेज मामले में एक लड़के की जान चली गई, वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, ये वारदात देर रात मोतीबाग इलाके में पार्क के अंदर हुई है। किसी मुद्दे को लेकर हुए झगड़े में कुशल और कार्तिक को चाकू मार दिया गया।
कुशल नाम के लड़के की मौत
मोतीबाग के पार्क में चाकू से हमले में कुशल नाम के लड़के की मौत हो गईं। वहीं कार्तिक नाम का दूसरा लड़का गंभीर रूप से घायल है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक, वो अस्पताल में जिंदगी ओर मौत के बीच झूल रहा है। मृतक की बहन का कहना है कि घर के नजदीक पार्क में दोनों को चाकू मार दिए गए। सुबह उनके भाई को हॉस्पिटल में लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई।
दूसरा शख्स गंभीर रूप से घायल
स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस पार्क में ये वारदात हुई वो चारों तरफ से खुला है। कोई भी किधर से आ जाता है। देर रात चाकूबाजी हुई सुबह ही पुलिस पार्क में आई। पुलिस जांच कर रही है, हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है कि आखिर देर रात दोनों लड़के पार्क में क्या करने गए थे, हमले का आरोपी कौन है।
वेलकम इलाके में भी चाकू मारकर हत्या
इससे पहले दिल्ली के वेलकम इलाके में भी चाकू मारकर हत्या का मामला सामने आया था। ये घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे की है, जब एक शख्स की चाकू अटैक से हत्या की गई। बताया जा रहा कि आपसी कहासुनी के बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर वेलकम थाना की पुलिस और अन्य अधिकारी पहुंच गए। मामले की छानबीन में जुटी है।

