असल न्यूज़: दिल्ली के आजादपुर इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत बदमाशों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए सड़क पर खड़ी एक दर्जन से अधिक दोपहिया गाड़ियों को गिराकर तोड़फोड़ की। यह पूरी घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बदमाश बेहद नशे की हालत में थे और उन्होंने नकाब पहन रखा था। सबसे डराने वाली बात यह रही कि बदमाशों ने कमर में चाकू खोंस रखे थे, जिसके चलते कोई भी व्यक्ति उनका विरोध करने या रोकने की हिम्मत नहीं कर सका।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने शादी नगर रेलवे स्टेशन से लेकर मदर डेयरी तक के पूरे रास्ते में खड़ी दोपहिया गाड़ियों को एक-एक कर गिराया और नुकसान पहुंचाया। तोड़फोड़ के बाद आरोपी एक स्कूटर पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में भारी रोष है। स्थानीय निवासियों ने इस संबंध में आदर्श नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

