असल न्यूज़: दिल्ली में देर रात तुर्कमान गेट पर बुलडोजर एक्शन हुआ। अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास हुई। अवैध दुकानें और दूसरे निर्माण हटाने के लिए देर रात 30 से ज्यादा बुलडोजर पहुंचे और कार्रवाई की। दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक्शन के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने पथराव भी किया।
पुलिस ने पथराव करने वाले 10 लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने तुर्कमान गेट पर पत्थरबाजी की घटना के सिलसिले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बता दें कि दिल्ली पुलिस की टीम पर यहां अतिक्रमण हटाते वक्त हमला हुआ था। लगभग 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। CCTV फुटेज और बॉडी कैमरा रिकॉर्डिंग की मदद से पत्थर फेंकने वालों की पहचान की जा रही है। FIR फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ है, हालांकि पुलिस ने 4 से 5 संदिग्धों की पहचान कर ली है।
फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
तुर्कमान गेट के पास फैज-ए-इलाही मस्जिद के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां कल रात MCD ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया था। पत्थरबाजी भी हुई थी।
देर रात हटाया गया अतिक्रमण
फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास सुबह के विज़ुअल्स, जहां दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद MCD ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।
दिल्ली के सिटी एसपी जोन (CSPZ) के डिप्टी कमिश्नर (DC) विवेक अग्रवाल ने कहा कि यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई है। कार्रवाई रात भर चली और यह 4000 स्क्वायर मीटर में फैला ढांचा था और इसे गिराने के लिए 32 JCB का इस्तेमाल किया गया। हम कल तक मलबा हटाने की कोशिश करेंगे।
पथराव करने वालों के खिलाफ होगा सख्त एक्शन
अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए हंगामे के बाद डीसीपी ने बताया है कि कार्रवाई के दौरान 5 पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गए हैं। इसलिए जिन लोगों ने हंगामा किया है, उनकी पहचान की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद सभी के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।

