असल न्यूज़: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नरेला फायरिंग केस बड़ा खुलासा किया है. कुख्यात गैंगस्टर मनोज मोरखेड़िया गैंग के सक्रिय सदस्य मोहित को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार 5 फरवरी को स्पेशल सेल साउथ वेस्टर्न रेंज की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की. आरोपी मोहित को, जो कि सोनीपत (हरियाणा) का रहने वाला है, गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, मोहित गैंग का मुख्य शार्पशूटर है. उस पर हत्या के प्रयास के दो पुराने मामले दर्ज हैं. वह पहले जेल भी जा चुका है.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 28 जनवरी को लैंपुर MCD टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते 30 जनवरी को जब शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से नरेला जा रहा था, तो मोहित और उसके साथियों ने पीछा किया और 7-8 राउंड फायरिंग कर दी. कुलदीप बाल-बाल बच गया, लेकिन गाड़ी में कई गोलियां लगीं. स्पेशल सेल ने गहन जांच के बाद मोहित को ट्रेस किया और गिरफ्तार किया. पूछताछ में मोहित ने कबूल किया कि वह मनोज मोरखेड़िया गैंग के लिए काम करता था और अवैध हथियार व कारतूस की सप्लाई में भी शामिल था.
पुलिस के अनुसार, पिछले दो सालों से मोहित कुलदीप उर्फ ठेकेदार के साथ मिलकर काम कर रहा था. कुलदीप खुद कई आपराधिक मामलों में लिप्त है. मोहित ने गैंग के लिए हत्या के प्रयास और अन्य संगीन अपराधों में सक्रिय भूमिका निभाई थी. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण सबूत बरामद हुए हैं. स्पेशल सेल ने बताया कि मोहित को आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.

