नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब 8 बजे इस संबंध में सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत संबंधित स्कूलों में पहुंचीं और सघन जांच अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस दिल्ली फायर सर्विस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ईमेल की जांच कर रही है और साइबर टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि धमकी भेजने वाले की पहचान की जा सके।
अभिभावकों से अपील की गई है, कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। जांच पूरी होने तक स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


