अजय शर्मा: दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास गुरुवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीब 50 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग झुग्गियों में अचानक लगी और तेज हवा के कारण कुछ ही मिनटों में कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने से झुग्गियों में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई परिवारों का सामान जलने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है।


