असल न्यूज़: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक घर के अंदर दो सगी बहनों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या करने की कोशिश की।
पुलिस को शाम 6:10 बजे मिली सूचना
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 6:10 बजे दिल्ली पुलिस को एक कॉल के जरिए सूचना मिली कि घर का दरवाजा काफी देर से बंद है और अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घर का दरवाजा खोलते ही सामने आया खौफनाक मंजर
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलने के बाद अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर के अलग-अलग कमरों में दोनों बहनों के शव बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक एक युवती का शव कमरे में बिस्तर पर मिला, जिसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था, जबकि दूसरी युवती का शव दूसरे कमरे में गले में फंदे के साथ मिला।
मां बेहोश हालत में मिली, अस्पताल में भर्ती
उसी घर के एक कमरे में दोनों लड़कियों की मां बेहोश हालत में मिली, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश का लग रहा है। आशंका है कि मां ने पहले अपनी दोनों बेटियों की हत्या की और उसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
पड़ोसी ने क्या बताया
पड़ोसी रमेश ठाकुर के मुताबिक परिवार इलाके में लंबे समय से रह रहा था। उन्होंने बताया कि परिवार में पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां रहती थीं। बड़ी बेटी की उम्र करीब 32–33 साल और छोटी की 27–28 साल बताई जा रही है। पड़ोसियों के अनुसार बड़ी बेटी की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी, जबकि छोटी बेटी कानून (Law) की पढ़ाई कर रही थी।
फिलहाल पुलिस लड़कियों की मां के होश में आने का इंतजार कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।

