असल न्यूज़: दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके में रविवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सुल्तानपुर रोड स्थित राज वाटिका के पास हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही बवाना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 24 वर्षीय भूपेंद्र के रूप में हुई है। वह पूठ खुर्द के पाना बस्ती वाडा इलाके का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर गोली लगने के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) सहित अन्य धाराओं में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी व मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

