नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को बुधवार, 11 मार्च को नया उपराज्यपाल मिलने जा रहा है। नवनियुक्त उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू बुधवार दोपहर पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 1:30 बजे लोक निवास में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ दिलाएंगे।
वर्तमान उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना को अब लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि सक्सेना शुक्रवार को लद्दाख पहुंचकर अपना नया पदभार संभालेंगे।
शपथ से पहले लोक निवास का दौरा
शपथ ग्रहण से पहले तरणजीत सिंह संधू ने सोमवार को लोक निवास का दौरा किया और निवर्तमान एलजी वी. के. सक्सेना से मुलाकात की। इस दौरान शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं सक्सेना भी अपने नए पदभार के लिए शिफ्ट होने की प्रक्रिया में हैं।
1988 बैच के IFS अधिकारी हैं संधू
तरणजीत सिंह संधू 1988 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी रहे हैं और उन्हें खास तौर पर भारत-अमेरिका संबंधों के विशेषज्ञ के रूप में जाना जाता है।
राजनयिक करियर रहा प्रभावशाली
63 वर्षीय संधू का कूटनीतिक करियर काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
संधू ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब की अमृतसर सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें चुनाव में जीत नहीं मिल सकी थी।

