फुकेट/हैदराबाद: एयर इंडिया एक्सप्रेस की हैदराबाद से थाईलैंड जा रही एक फ्लाइट के साथ लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी की घटना सामने आई है। फुकेत अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान का नोज गियर (आगे का लैंडिंग गियर) टूट गया और उसका अगला पहिया अलग हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विमान में कुल 133 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं। पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि विमान ने जैसे ही फुकेट एयरपोर्ट के रनवे पर लैंडिंग की, उसी दौरान आगे का लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद विमान को सावधानीपूर्वक रनवे पर रोका गया। घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट की आपातकालीन टीम, तकनीकी स्टाफ और सुरक्षा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंच गए।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला और उन्हें टर्मिनल तक पहुंचाया। कुछ समय के लिए रनवे पर परिचालन भी प्रभावित रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई हो सकती है। फिलहाल एयरलाइन और एयरपोर्ट प्राधिकरण ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लैंडिंग के दौरान नोज गियर टूटने की असली वजह क्या थी।
एविएशन विशेषज्ञों का कहना है, कि ऐसे मामलों में पायलट की सतर्कता और एयरपोर्ट की आपातकालीन व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण होती है, जिससे संभावित बड़े हादसे को टाला जा सकता है।

