प्रदीप सिंह उज्जैन। बाहरी उत्तरी दिल्ली के नरेला विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर सफाई व्यवस्था को लेकर MCD की लापरवाही सामने आई है। नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A-6 इलाके में गंदगी और कूड़े के ढेर से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नरेला ज़ोन के निगम कर्मचारियों की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते क्षेत्र के कई इलाकों का हाल बदतर हो गया है। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय विधायक, निगम पार्षद और दिल्ली नगर निगम के कार्यालय में लिखित शिकायतें भी दी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि कुछ कर्मचारी लापरवाही और कथित ‘लोहरी प्रथा’ के चलते बिना काम किए घर बैठकर वेतन ले रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले में कुछ अधिकारी और निरीक्षक भी शामिल हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

निवासियों का कहना है कि अगर जल्द सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो नरेला विधानसभा क्षेत्र का हाल और भी खराब हो सकता है, जबकि यह इलाका दिल्ली की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों में से एक माना जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में नियमित सफाई, कूड़ा उठाने की व्यवस्था और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।

