नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट और मंसाराम पार्क की झुग्गियों में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे करीब 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं।
पुलिस के मुताबिक, 11 मार्च 2026 की रात 11:57 बजे आग लगने की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही बिंदापुर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सबसे पहले झुग्गियों को खाली कराया गया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो सके।
घटनास्थल पर 28 दमकल गाड़ियां पहुंचीं और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बताया जा रहा है, कि एक सप्ताह के भीतर उसी स्थान पर आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 7 मार्च 2026 को भी यहां आग लगी थी, जिसे आठ दमकल गाड़ियों की मदद से बुझाया गया था।

