असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में राहगीरों को जानबूझकर टक्कर मारकर लूटपाट करने वाले कुख्यात ‘टक्कर गैंग’ का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों नीरज उर्फ धानी और राजेश पांडेय को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक चोरी की बाइक, नकदी और चोरी के तीन पानी के नल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी से कुल पांच वारदातों का खुलासा हुआ है।
पैदल जा रहे युवक से उड़ाए 10 हजार रुपये
मामला पश्चिम विहार इलाके का है। 26 फरवरी की शाम करीब 4:45 बजे दिल्ली पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता ओम प्रकाश, जो हरदोई के रहने वाले हैं और पश्चिम विहार में एक मेकअप सैलून में हेल्पर का काम करते हैं, उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे वह फुटपाथ पर पैदल जा रहे थे।
बंधान बैंक के पास एक युवक ने उन्हें रोककर बहस शुरू कर दी। इसी दौरान उसके साथी ने मोटरसाइकिल पर मौके का फायदा उठाते हुए उनकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए और दोनों आरोपी फरार हो गए।
CCTV फुटेज से मिली सुराग
घटना के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम गठित कर इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 6 मार्च को बुध विहार के कबूतर चौक इलाके में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी जानबूझकर राहगीरों को टक्कर मारते थे, जिससे पीड़ित घबरा जाता या संतुलन खो देता था। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी मोबाइल या नकदी छीनकर बाइक से फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार नीरज पहले से 7 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और उसे मंगोलपुरी थाना क्षेत्र का बदमाश घोषित किया जा चुका है। वहीं राजेश पांडेय के खिलाफ भी 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह और इससे जुड़ी अन्य वारदातों की जांच कर रही है।

