हापुड़: उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच कालाबाजारी के मामलों पर प्रशासन सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में हापुड़ में पुलिस और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा खुलासा हुआ है। छापेमारी के दौरान एक स्थानीय सपा नेता अब्दुल रेहान के घर से 55 भरे हुए और कई खाली गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला असोदा गाँव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पंचायती घर के पास रहने वाला अब्दुल रेहान अपने घर में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर रहा है। सूचना मिलते ही जिला पूर्ति विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और छापा मारा।
छापे की भनक लगते ही आरोपी घर से फरार हो गया। मौके पर तलाशी के दौरान पुलिस को 55 भरे हुए और कई खाली गैस सिलेंडर मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी घरेलू गैस सिलेंडर करीब 2000 रुपये तक में बेच रहा था।
सीएम ने दिए सख्त निर्देश
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह फैलाकर जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर
मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि गैस सिलेंडरों का वितरण सामान्य रूप से जारी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।

