असल न्यूज़: पंजाब में गैस सिलेंडर के लिए लगी लंबी कतार के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग व्यक्ति की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई।
मृतक की पहचान 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गैस सिलेंडर लेने के लिए करीब दो घंटे से लाइन में खड़े थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस मामले को लेकर सुखविंदर सिंह धालीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गैस संकट के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है, जिसकी वजह से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेता ने पंजाब सरकार से मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
फिलहाल इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर नाराजगी देखी जा रही है और प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की जा रही है।

