असल न्यूज़: नई दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM) और उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) को मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO) के रूप में नामित किया है।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) का कार्यालय इस प्रक्रिया की तैयारियों में जुटा हुआ है। वर्तमान में 2025 की मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं का मिलान आधार वर्ष 2002 के मतदाताओं के रिकॉर्ड से किया जा रहा है। फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनावों में दिल्ली की 70 सीटों पर करीब 1.55 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे।
ADM और SDM को मिली दोहरी जिम्मेदारी
हाल ही में जारी राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, चुनाव आयोग ने दिल्ली सरकार से परामर्श कर ADM और SDM अधिकारियों को संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के लिए ERO नियुक्त किया है। एक अन्य अधिसूचना में इन्हीं अधिकारियों को उन क्षेत्रों के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में भी नियुक्त किए जाने की बात कही गई है।
जिलों के पुनर्गठन के बाद नई व्यवस्था
अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली में हाल ही में प्रशासनिक पुनर्गठन के बाद जिलों की संख्या 11 से बढ़कर 13 हो गई है। इसके अनुरूप सभी 13 जिलों के जिला मजिस्ट्रेटों को जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के रूप में नामित किया गया है।
अप्रैल 2026 से शुरू हो सकती है SIR प्रक्रिया
चुनाव आयोग ने फरवरी में घोषणा की थी कि SIR प्रक्रिया अप्रैल 2026 से शुरू होने की संभावना है। इसके लिए विभिन्न राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को जरूरी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण एकत्र करेंगे, ताकि 2002 के आंकड़ों के आधार पर 2025 की मतदाता सूची का मिलान किया जा सके।
शिक्षकों को BLO ड्यूटी में लगाया गया
दिल्ली में इस अभियान के लिए करीब 7,500 सरकारी स्कूलों और एमसीडी के शिक्षकों को BLO और BLO पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। इसके चलते दिल्ली सीईओ कार्यालय ने इन शिक्षकों को जनगणना कार्य से छूट देने का अनुरोध भी किया है।
दिल्ली में 13,033 मतदान केंद्र
फिलहाल राजधानी में 13,033 मतदान केंद्र हैं। अधिकारियों के अनुसार, SIR प्रक्रिया के लिए आवश्यक फॉर्म और अन्य सामग्री की छपाई का काम भी तेजी से किया जा रहा है।

