असल न्यूज़: दिल्ली के पूर्वी इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सीमापुरी इलाके में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी ही मां को धक्का दे दिया, जिससे गिरकर उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बेटे को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 11 मार्च की रात करीब 10:30 बजे नई सीमापुरी इलाके में आरोपी शेर अली और उसकी पत्नी संजिदा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। झगड़े के दौरान शेर अली अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था और उसे धमका रहा था।
मां के बीच-बचाव करने पर हुआ हादसा
इसी दौरान घर में बढ़ते विवाद को शांत कराने के लिए आरोपी की 60 वर्षीय मां हामिदुन निसा बीच-बचाव करने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि गुस्से में आए शेर अली ने अपनी मां के साथ हाथापाई कर दी और उन्हें जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास के लोगों और पीसीआर की मदद से उन्हें तुरंत Guru Teg Bahadur Hospital ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मृतका की बेटी शबनम की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने सीमापुरी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नई सीमापुरी इलाके में ही छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
शराब का आदी था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शेर अली शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में अक्सर घर में झगड़ा करता था। इसी तरह के एक झगड़े के दौरान मां के बीच-बचाव करने पर उसने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

