असल न्यूज़: जोधपुर से बड़ी खबर सामने आई है। लद्दाख के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को बड़ी राहत मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी हिरासत को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है और उन पर लगाया गया राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) भी हटा लिया गया है।
बताया जा रहा है, कि वांगचुक को सितंबर 2025 में लद्दाख के लेह में हुई हिंसा के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सुरक्षा कारणों से उन्हें जोधपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया था, जहां वह लगभग 170 दिनों से बंद थे।
लद्दाख आंदोलन से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, सोनम वांगचुक लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इसी दौरान लेह में हुई हिंसा के बाद उन पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
NSA हटाना बड़ा फैसला
राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) एक कड़ा कानून माना जाता है, जिसके तहत किसी व्यक्ति को लंबे समय तक बिना मुकदमे के हिरासत में रखा जा सकता है। ऐसे में वांगचुक पर से NSA हटाया जाना इस पूरे मामले में बड़ा यू-टर्न माना जा रहा है।
रिहाई की प्रक्रिया शुरू
सूत्रों के अनुसार, जोधपुर प्रशासन को रिहाई के आदेश मिल चुके हैं और जेल प्रशासन ने मेडिकल जांच सहित जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। सुरक्षा कारणों से उन्हें जोधपुर से सीधे दिल्ली या लेह ले जाया जा सकता है।
समर्थकों में खुशी
वांगचुक की रिहाई की खबर मिलते ही जोधपुर सेंट्रल जेल के बाहर उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी है। माना जा रहा है कि उनकी रिहाई से लद्दाख आंदोलन को नई दिशा मिल सकती है।

