असल न्यूज़: भारत में आज ईद-उल-फितर का त्योहार बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूरे एक महीने चले रमजान के रोजों के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा कर रहे हैं। देश के अलग-अलग शहरों में तय समय के अनुसार नमाज अदा की गई।
ईद के मौके पर सुरक्षा को देखते हुए देशभर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
ईद-उल-फितर मुस्लिम समुदाय का प्रमुख त्योहार है, जो रमजान के पवित्र महीने के बाद मनाया जाता है। इस दिन जकात और फितरा देना विशेष धार्मिक महत्व रखता है। दिल्ली से लेकर मुंबई तक बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की और एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईद के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में भाईचारा और इंसानियत को और मजबूत करे। साथ ही उन्होंने सभी के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।
दिल्ली में कड़ी सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने ईद के मद्देनजर राजधानी में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी न फैलाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पटना के गांधी मैदान में नमाज
पटना के गांधी मैदान में मुख्य नमाज का आयोजन किया गया, जहां हजारों नमाजी पहुंचे। इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे।
कानपुर में हाई अलर्ट
कानपुर में भी ईद के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग, ड्रोन और CCTV के जरिए निगरानी रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा सके।

