असल न्यूज़: मथुरा में एक साधु की संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया, पथराव किया और कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। हालात को संभालने पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, साधु की मौत को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि कथित गौतस्करों ने ट्रक से कुचलकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और भीड़ ने हाईवे पर खड़ी गाड़ियों पर पथराव कर दिया। कई वाहनों के शीशे टूट गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

