नीति सैन। दिल्ली में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (MY Bharat), दिल्ली द्वारा 18 अप्रैल 2026 को “नारी शक्ति वंदन रन” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम थीम के तहत आयोजित होगा, जिसका मकसद महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना और उनके सशक्तिकरण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है।
राज्य निदेशक पूनम शर्मा ने जानकारी देते हुआ बता की यह रन कर्तव्य पथ के C-हेक्सागन क्रॉसिंग (Stretch-2) से शुरू होकर रफ़ी मार्ग के पास Stretch-5 तक आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम सुबह शुरू होगा, जिसमें पंजीकरण, उद्घाटन सत्र, “नारी शक्ति संकल्प”, 2 से 3 किलोमीटर की दौड़ और अंत में प्रमाण-पत्र वितरण शामिल रहेगा।
यह आयोजन सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि मुंबई, बेंगलुरु, पटना, जयपुर, इंदौर और कटक जैसे प्रमुख शहरों में भी आयोजित किया जा रहा है। पटना और जयपुर में यह कार्यक्रम 17 अप्रैल को जबकि अन्य शहरों में 18 अप्रैल को होगा।
कार्यक्रम में हजारों महिलाओं के भाग लेने की संभावना है, जिनमें छात्राएं, प्रोफेशनल्स, उद्यमी और खिलाड़ी शामिल होंगी। साथ ही, कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति भी अपेक्षित है, जिनमें दिल्ली के मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट मेहमान शामिल हो सकते हैं।
“नारी शक्ति वंदन रन” का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े विधेयक के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है। यह पहल “विकसित भारत” के दृष्टिकोण के अनुरूप महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों के लिए टी-शर्ट, कैप, प्रमाण-पत्र, जलपान और परिवहन की व्यवस्था की गई है। साथ ही सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
इस अवसर पर MY Bharat, दिल्ली की राज्य निदेशक पूनम शर्मा ने कहा कि यह आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व और भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
MY Bharat, दिल्ली ने सभी महिलाओं और संस्थानों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।

