असल न्यूज़: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मी की सतर्कता और बहादुरी का एक अहम मामला सामने आया है। यहां एक हथियारबंद बदमाश ने पुलिसकर्मी को देखकर फायरिंग कर दी, लेकिन हेड कांस्टेबल ने बिना किसी मदद के उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संदिग्ध हरकत देख रोका, बदमाश ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल की रात करीब 2:25 बजे हेड कांस्टेबल विक्रांत अपने निजी वाहन से मयूर विहार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान त्रिलोकपुरी के ब्लॉक-25 स्थित कम्युनिटी बिल्डिंग के पास उन्होंने एक युवक को संदिग्ध हालत में हथियार के साथ देखा।
हेड कांस्टेबल ने जैसे ही युवक को रुकने का इशारा किया, आरोपी ने खुद को घिरता देख हवा में एक राउंड फायर कर दिया और लाल रंग की स्कूटी से भागने लगा।
अकेले पीछा कर दबोचा आरोपी
बिना देर किए हेड कांस्टेबल विक्रांत ने बदमाश का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक अवैध देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। साथ ही घटना में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त की गई।
आरोपी की पहचान और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जांच जारी
मामले में Delhi Police ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की सतर्कता और बहादुरी को सामने लाया है।

