पत्नी के साथ मिलकर चलाता था एक्सटॉर्शन रैकेट, दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कोर्ट के पास से दबोचा
असल न्यूज़: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार मुख्य आरोपी राकेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी योग क्लास चलाने की आड़ में महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था और उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इस पूरे खेल में उसकी पत्नी भी उसका साथ दे रही थी, जिसे पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामला पालम विहार का है, जहां एक महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसने कोविड काल के दौरान आरोपी की योग क्लास जॉइन की थी। इसी दौरान आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और चोरी-छिपे उसके कुछ आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।
इसके बाद आरोपी ने इन वीडियो, के आधार पर महिला को डराना-धमकाना शुरू कर दिया और पैसे की मांग की। दबाव में आकर पीड़िता पहले ही करीब 3 लाख रुपये आरोपी को दे चुकी थी। आरोपी ने वीडियो डिलीट करने का झांसा दिया, लेकिन मार्च 2026 में उसने दोबारा 15 लाख रुपये की मांग कर दी। पैसे न मिलने पर उसने वीडियो पीड़िता के पति को भेज दिए।
इस मामले में 21 मार्च 2026 को गुरुग्राम पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी की पत्नी नीतू शर्मा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था, जब वह वसूली की रकम लेने पहुंची थी। हालांकि मुख्य आरोपी राकेश शर्मा तब से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
आखिरकार दिल्ली, पुलिस क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी को ट्रैक किया। सूचना मिली कि वह पटियाला हाउस कोर्ट के पास आने वाला है। इसके बाद टीम ने तिलक मार्ग पर जाल बिछाकर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में, सामने आया कि आरोपी पहले भी अपराध की दुनिया से जुड़ा रहा है। वह उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद में हत्या के एक मामले में शामिल रह चुका है और करीब 8-9 साल जेल में बिताने के बाद 2018 में जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसने योग क्लास के जरिए अपना नेटवर्क तैयार किया।
फिलहाल आरोपी को संबंधित कोर्ट में पेश कर पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी ने इस तरह से और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया।
मुख्य बिंदु:
- योग क्लास की आड़ में महिलाओं को फंसाता था आरोपी
- आपत्तिजनक वीडियो बनाकर करता था ब्लैकमेल
- महिला से पहले ही 3 लाख रुपये ऐंठ चुका था
- पत्नी भी एक्सटॉर्शन रैकेट में शामिल
- दिल्ली क्राइम ब्रांच ने कोर्ट के पास से किया गिरफ्तार

