नार्कोटिक्स सेल में तैनात इंस्पेक्टर सुभाष यादव गिरफ्तार, पहले कांस्टेबल अजय भी हो चुका है अरेस्ट
असल न्यूज़: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), ने दिल्ली पुलिस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए द्वारका इलाके से एक इंस्पेक्टर को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्पेक्टर की पहचान सुभाष यादव के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस की नार्कोटिक्स सेल में तैनात था।
जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले सीबीआई ने इसी मामले में नार्कोटिक्स सेल में तैनात कांस्टेबल अजय को गिरफ्तार किया था। उस दौरान सीबीआई ने करीब 48 लाख रुपये नकद भी बरामद किए थे। कार्रवाई के समय इंस्पेक्टर सुभाष यादव फरार हो गया था, लेकिन अब सीबीआई ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार, आरोपी इंस्पेक्टर पर रिश्वत लेकर करोड़ों रुपये की संपत्ति बनाने का आरोप है। एजेंसी अब उसकी आय से अधिक संपत्ति और अन्य वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
बताया जा रहा है, कि आरोपी इंस्पेक्टर को आज सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ ही कुछ बड़े अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
फिलहाल, सीबीआई पूरे नेटवर्क और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी हुई है।

