प्रदीप उज्जैन: दिल्ली के अलीपुर इलाके में स्थित यादु ग्रीन फार्म हाउस में आज सुबह भीषण आग लग गई। घटना नेशनल हाईवे-44 के पास स्थित फार्म हाउस की बताई जा रही है। आग लगने की सूचना सुबह करीब 7:30 बजे दमकल विभाग को मिली, जिसके बाद फायर विभाग की दर्जनभर से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार आग काफी तेजी से फैली, जिसके चलते फार्म हाउस परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। मौके पर एम्बुलेंस और अन्य राहत टीमें भी तैनात की गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
फिलहाल राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद मामले की जांच करेगी।
स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

