जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने अभिजीत दिपके तक पहुंचकर उनके साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान अचानक कुछ युवक भीड़ से निकलकर मंच और प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़े और अभिजीत दिपके के साथ अभद्र व्यवहार किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित युवकों को हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। साथ ही मौके पर मौजूद वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

