असल न्यूज़। दिल्ली पुलिस के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने ‘No Guns, No Gangs’ अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के एक सक्रिय सहयोगी और उसके सहयोगी (फैसिलिटेटर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कोडा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू चौधरी उर्फ साहिल (36) हत्या के प्रयास, कार जैकिंग के लिए अपहरण, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 12 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वहीं दूसरा आरोपी शिवेंद्र उर्फ हंश उर्फ जैकी (35) 29 आपराधिक मामलों का आरोपी है और थाना सब्जी मंडी का घोषित बैड कैरेक्टर (BC) है।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल..
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह (IPS) के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ की टीम अपराधियों पर लगातार नजर रख रही थी। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और मानव खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग की एक पुरानी घटना में शामिल अपराधी सोनू उर्फ साहिल चोरी की स्कोडा कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर डाबड़ी क्षेत्र में घूम रहा है।
चोरी की स्कोडा कार के साथ दबोचा गया..
सूचना के आधार पर पुलिस ने बिंदापुर स्थित केशो राम पार्क इलाके में घेराबंदी कर सोनू को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।
जांच में पता चला कि स्कोडा कार पीतमपुरा स्थित थाना मौर्य एन्क्लेव क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके बाद थाना डाबड़ी में FIR संख्या 375/26 के तहत आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार..
सोनू से पूछताछ के बाद पुलिस ने बुराड़ी में छापेमारी कर शिवेंद्र उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में शिवेंद्र ने स्वीकार किया कि उसने चोरी की स्कोडा कार उपलब्ध कराई थी ताकि अपराध कर आसानी से पैसा कमाया जा सके।
कुख्यात गैंग से जुड़ा था आरोपी..
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनू वर्ष 2023 में विक्की उर्फ सन्यासी, जो कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग का करीबी सदस्य है, के संपर्क में आया था। उसी दौरान प्लॉट कब्जाने की नीयत से एक महिला पर फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा था।
जेल से रिहा होने के बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया और चोरी की कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों की तैयारी कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी के पास से 02 देसी पिस्टल,
02 जिंदा कारतूस, चोरी की 01 स्कोडा कार, फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई कार बरामद की गई है।
फ़िलहाल दिल्ली पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।

