असल न्यूज़। महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (MAIMS) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनकी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत के अवसर पर ‘ओरिएंटेशन 2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संस्थान की निदेशक प्रो. (डॉ.) रजनी मल्होत्रा ढींगरा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए नए विद्यार्थियों का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री विजय सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त, दिल्ली ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और सोच को सही दिशा मिले तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच अपनाने, अनुशासन में रहने और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
MATES के संस्थापक एवं मुख्य सलाहकार डॉ. नंद किशोर गर्ग ने विद्यार्थियों को संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और यदि युवा योग्य, संस्कारित एवं जिम्मेदार बनें तो विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले भी हासिल किया जा सकता है।
संस्था के चेयरमैन श्री विनीत कुमार लोहिया के संदेश में विद्यार्थियों को ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने, स्पष्ट दृष्टिकोण रखने और राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
श्री शशांक जायसवाल, उपायुक्त पुलिस, रोहिणी ने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग का संदेश देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में समय का सही प्रबंधन सफलता की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने समय और प्रतिभा का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की।
वहीं वरिष्ठ पत्रकार श्री राजीव निशाना ने विद्यार्थियों को जीवन में धैर्य और निर्भयता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सफलता की राह में चुनौतियां और असफलताएं आती रहती हैं, लेकिन धैर्य, आत्मविश्वास और निर्भयता के साथ उनका सामना करने वाला व्यक्ति अपने लक्ष्य तक जरूर पहुंचता है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिस्थितियों से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डॉ. अत्या नंद, संयुक्त सचिव, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने विद्यार्थियों से जीवन में नैतिक एवं मानवीय मूल्यों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और बेहतर इंसान बनना भी है।
कार्यक्रम में MAIMS की कल्चरल सोसाइटीज अर्बन हॉपर क्रू, निर्वाणा–द क्लासिकल डांस सोसाइटी और भांगड़ा नाइट्स द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं भक्ति नृत्य ने माहौल को जीवंत बना दिया। विद्यार्थियों और अतिथियों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर श्री जगदीश मित्तल, श्री ज्ञान अग्रवाल, श्री एस.पी. गोयल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), श्री टी.आर. गर्ग (सचिव), श्री रजनीश गुप्ता, श्री मोहन गर्ग (संयुक्त सचिव) सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी, शिक्षकगण, अतिथिगण और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
‘ओरिएंटेशन 2026’ विद्यार्थियों के लिए महज स्वागत समारोह नहीं रहा, बल्कि उन्हें नशे से दूर रहने, सकारात्मक सोच अपनाने, धैर्य और निर्भयता के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प देने वाला प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।

