नीति सैन। जहांगीरपुरी थाना पुलिस ने एक 11 वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने कथित अपहरणकर्ता धर्मपाल (26) को भी गिरफ्तार किया है। बच्चे की तलाश में पुलिस टीम ने लोनी, गाजियाबाद से आजादपुर फ्लाईओवर तक लंबा पीछा किया, जिसके बाद बच्चे को सुरक्षित बचाया गया।
पुलिस के मुताबिक जहांगीरपुरी थाने में एक 11 वर्षीय बच्चे के स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटने की सूचना मिली थी। इसी दौरान बच्चे की मां को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि बच्चा उसके कब्जे में है और उसने अपना नाम धर्मपाल बताया, जो पहले से परिवार को जानता था।
बहन से शादी करना चाहता था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी कथित तौर पर पीड़ित बच्चे की बड़ी बहन से शादी करना चाहता था और उसके साथ रहना चाहता था। हालांकि, युवती ने उसके साथ संबंध रखने से इनकार कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने कथित तौर पर युवती के छोटे भाई का अपहरण कर लिया और फोन पर परिवार को धमकी देते हुए कहा कि अगर उसकी बेटी को उसके पास नहीं भेजा गया तो वह बच्चे को जान से मार देगा।
लोनी से आजादपुर तक पुलिस ने किया पीछा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चे की तलाश के लिए ASI अशोक कुमार और ASI सूरज भान की टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी जांच और फील्ड इन्वेस्टिगेशन के जरिए आरोपी और बच्चे की गतिविधियों के बारे में सुराग जुटाए।
4 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने लोनी, गाजियाबाद से आरोपी का पीछा किया। लंबी कार्रवाई के बाद बच्चे को आजादपुर फ्लाईओवर, दिल्ली के पास सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी धर्मपाल को पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से ठीक पहले आरोपी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने उसे तत्काल BJRM अस्पताल, दिल्ली पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
पुलिस का कहना है कि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी लगातार की गई तकनीकी और मैदानी जांच तथा टीम की तत्परता से संभव हुई। मामले में आगे की जांच जारी है।

