Saturday, October 24, 2026
Google search engine
Homecrime newsरोहिणी में दो चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी समेत लाखों का सामान...

रोहिणी में दो चोर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी समेत लाखों का सामान बरामद

असल न्यूज़। रोहिणी जिले में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजय विहार थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की स्कूटी, 2 गैस सिलेंडर, 2 पानी की मोटर, 4 पानी के मीटर, 7 नल, 11 LED लाइट और अन्य घरेलू सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से घर में चोरी और सेंधमारी के 14 मामलों का खुलासा हुआ है।

श्मशान घाट रोड के पास पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार विजय विहार थाना पुलिस की टीम रोहिणी के श्मशान घाट रोड के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा। पुलिस को देखकर दोनों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान मुकेश (26) निवासी सुल्तानपुरी और पंकज उर्फ अंग (28) निवासी सुल्तानपुरी के रूप में हुई। वाहन से संबंधित संतोषजनक दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसकी जांच की। दोनों के बीच रखे एक बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 2 पानी की मोटर और 4 पानी के मीटर बरामद हुए।

पूछताछ में चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पानी की मोटर, पानी के मीटर, नल, गैस सिलेंडर और अन्य आसानी से बिकने वाले घरेलू सामान चोरी करने की बात कबूल की। जांच के दौरान बरामद स्कूटी के चोरी होने की पुष्टि हुई। यह स्कूटी मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 2 गैस सिलेंडर, 7 नल, 11 LED लाइट और अन्य घरेलू सामान भी बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता बताई है।

पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी मुकेश पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट के 4 मामलों में शामिल रहा है। वहीं आरोपी पंकज उर्फ अंग के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट के 3 मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस की कार्रवाई
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर मनोहर लाल, SHO विजय विहार के नेतृत्व में तथा ACP रोहिणी ब्रिज मोहन मीणा की निगरानी में की गई। टीम में HC ओम प्रकाश, HC विकास, HC प्रदीप, कांस्टेबल गोरी शंकर और कांस्टेबल नरेंद्र शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments