असल न्यूज़। अवैध प्रवासन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की फॉरेनर्स सेल ने जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भलस्वा फ्लाईओवर के पास चार संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, ये सभी ट्रांसजेंडर व्यक्ति के वेश में इलाके में घूम रहे थे।
गुप्त सूचना के आधार पर SI श्यामबीर सिंह के नेतृत्व में SI बृजेश और HC विक्रम की टीम ने कार्रवाई की। पूछताछ और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान चारों के भारत में बिना वैध यात्रा अथवा पहचान संबंधी दस्तावेजों के रहने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, तलाशी और जांच के दौरान पांच स्मार्टफोन बरामद किए गए। इन मोबाइल फोन की गैलरी में बांग्लादेशी नागरिकों के राष्ट्रीय पहचान संबंधी दस्तावेज भी मिले। पुलिस ने इन डिजिटल साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर चारों की पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में की।
पकड़े गए सभी व्यक्तियों को Foreigners Regional Registration Office (FRRO) के समक्ष पेश किया गया है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वासन की कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में: सैकत उर्फ मेघा दास (35), Md Nur Mohammad (21), Nazimuddin उर्फ Neha Kakkan (29) और Md Zahid Hasan उर्फ Shivangi Roy (23) शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर-पश्चिम जिले में अवैध प्रवासन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

