असल न्यूज़। दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस की PP Metro Vihar टीम ने सक्रिय चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का ई-ऑटो, 5 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और 2 पानी की मोटर बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान को 9 अलग-अलग चोरी के मामलों से जोड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, 9-10 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात PP Metro Vihar की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक ई-ऑटो रिक्शा नंबर DL53GD1501 को संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों के साथ जाते हुए देखा।
पुलिस टीम ने ई-ऑटो को रोककर उसमें सवार दोनों युवकों से वाहन के मालिकाना हक के संबंध में पूछताछ की। दोनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जांच के दौरान ई-ऑटो को 9 सितंबर 2026 के E-FIR नंबर 021466/2026 में चोरी का पाया गया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों हर्ष उर्फ नोनू और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अन्य चोरी की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता का खुलासा किया।
आरोपियों की निशानदेही और आगे की जांच के आधार पर पुलिस ने 5 चोरी के मोबाइल फोन, सोने और चांदी के आभूषण तथा 2 पानी की मोटर बरामद की। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान को नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में दर्ज कुल 9 मामलों से लिंक किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ नोनू निवासी मेट्रो विहार, आरोपी 7वीं कक्षा तक पढ़ा है और उसके खिलाफ पहले आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज बताया गया है। दूसरे आरोपी की पहचान दीपक निवासी मेट्रो विहार, आरोपी ने 8वीं कक्षा तक पढ़ा है। आरोपियों के पास से 1 चोरी का ई-ऑटो रिक्शा,5 चोरी के मोबाइल फोन,1 सोने के रंग का हार,1 जोड़ी सोने के रंग की बालियां,3 चांदी के रंग की बिछिया,1 जोड़ी चांदी के रंग की पायल,2 चोरी की पानी की मोटर बरामद की गई है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों आरोपी चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।

