असल न्यूज़। आउटर जिला पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने पिछले 24 घंटे में एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के तहत कुल 20 मामले दर्ज कर 23 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 17,390 रुपये की जुआ राशि, 756 क्वार्टर अवैध शराब और 260.4 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया गया। अभियान के दौरान आउटर जिले के सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
जुआ गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई
पेट्रोलिंग और निगरानी के दौरान पुलिस टीमों ने अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल 8 लोगों को गिरफ्तार किया। इस संबंध में जुआ अधिनियम के तहत 5 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए में दांव पर लगाई गई 17,390 रुपये की नकदी और जुआ खेलने का सामान बरामद किया।
जुआ अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में थाना रानी बाग, मंगोलपुरी, राज पार्क, निहाल विहार और पीवी वेस्ट शामिल हैं।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान
अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 756 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की।
इस कार्रवाई में दिल्ली एक्साइज एक्ट के तहत 12 मामले दर्ज किए गए और 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
ये मामले थाना मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी, मुंडका, रनहोला, निहाल विहार और पीवी वेस्ट में दर्ज किए गए हैं।
गांजा बरामद, 3 मामले दर्ज
एनडीपीएस एक्ट के तहत भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से कुल 260.4 ग्राम गांजा बरामद किया।
इस संबंध में थाना मंगोलपुरी और सुल्तानपुरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है। आउटर जिला पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

