असल न्यूज़। दक्षिणी दिल्ली के मैदान गढ़ी थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई Bajaj Pulsar मोटरसाइकिल को 100 प्रतिशत बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह मोटरसाइकिल शिकायतकर्ता के लिए महज एक वाहन नहीं, बल्कि उसकी रोजी-रोटी का प्रमुख साधन थी।
पुलिस के अनुसार, 03 सितंबर सुबह Zepto/Blinkit Store के पास मीरा फार्म, छतरपुर इलाके से Bajaj Pulsar मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। बताया गया कि वाहन की चाबी गलती से इग्निशन में ही लगी रह गई थी। जिस पर कार्रवाई में HC पंकज और HC तारा चंद की अहम भूमिका रही। टीम ने SHO थाना मैदान गढ़ी इंस्पेक्टर प्रह्लाद सिंह के नेतृत्व में और ACP महरौली योगिता शर्मा की निगरानी में कार्रवाई की।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान मैदान गढ़ी थाना पुलिस की टीम ने संभावित भागने के रास्तों को चिन्हित किया और अलग-अलग स्थानों पर लगे दर्जनों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने संदिग्ध की शारीरिक बनावट और उसकी गतिविधियों का विश्लेषण करने के साथ तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना तंत्र की भी मदद ली।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई Bajaj Pulsar मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान राहुल उर्फ दिवाकर, पुत्र भूरी सिंह, निवासी सुमन कॉलोनी, छतरपुर एक्सटेंशन, महरौली, नई दिल्ली, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में की है।
जांच में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने स्टोर के आसपास घूमते हुए लावारिस हालत में खड़ी मोटरसाइकिल को देखा। मोटरसाइकिल की चाबी इग्निशन में लगी होने का फायदा उठाकर आरोपी कथित तौर पर बाइक लेकर फरार हो गया। इसके बाद उसने मोटरसाइकिल को खानपुर में अपनी बहन के घर के पास छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और कथित तौर पर नशे से जुड़े खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात करता था। CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस और आरोपी राहुल उर्फ दिवाकर के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर गिरफ्तार किया गया.
पुलिस की कार्रवाई से शिकायतकर्ता को उसकी मोटरसाइकिल वापस मिल गई, जिससे वह दोबारा अपने काम पर लौट सकेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

