असल न्यूज़। राजधानी दिल्ली में त्योहारों के मौसम से पहले अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की AATS टीम ने भलस्वा डेयरी इलाके में छापेमारी कर करीब 338.5 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। जब्त पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में 29 वर्षीय राहुल को गिरफ्तार किया है।
यादव चौक के पास पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार AATS, आउटर नॉर्थ जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि भलस्वा डेयरी इलाके में राहुल नाम का एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखों का भंडारण, बिक्री और थोक सप्लाई कर रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने यदव चौक के पास निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को सफेद प्लास्टिक के कट्टे के साथ पकड़ा। कट्टे की तलाशी लेने पर उसमें पटाखों के तीन डिब्बे मिले। पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल, उम्र 29 वर्ष, निवासी भलस्वा डेयरी, दिल्ली के रूप में हुई।
मकान की तीसरी मंजिल से भी मिले पटाखे
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान राहुल ने अपने घर की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए कमरे की तलाशी ली, जहां कई कार्टन, डिब्बों और पैकेटों में पटाखे रखे मिले।
पुलिस ने मौके से कुल करीब 338.5 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। बरामद पटाखों में जमीन चकरी, फ्लावर पॉट, फुलझड़ियां, मल्टीकलर शॉट्स, अन्य तरह के पटाखे और आतिशबाजी के सामान शामिल हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 3,50,000 रुपये बताई गई है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पटाखे कहां से खरीदे थे और उनकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। जांच के दौरान पटाखों के स्रोत, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक लाइसेंस और अनुमति के बिना पटाखों का भंडारण, बिक्री, परिवहन या वितरण न करें। पुलिस ने नागरिकों से अपने आसपास पटाखों के संदिग्ध या अनधिकृत भंडारण की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है, ताकि आग लगने की घटनाओं और जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।

