असल न्यूज़। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर गोवर्धन उत्सव के उपलक्ष्य में आजाद मार्केट में भव्य गोवर्धन पूजा एवं माता की चौकी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आजाद मार्केट एसोसिएशन एवं नवयुवक संगठन श्री राम मंदिर के संयुक्त तत्वावधान में मेन रोड, आजाद मार्केट में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, व्यापारियों और मार्केट एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, रास और गोवर्धन पर्वत की महिमा का भव्य मंचन एवं गुणगान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की।

आजाद मार्केट एसोसिएशन के चेयरमैन पवन साहनी, प्रधान राकेश महाजन एवं महामंत्री रंजन खुराना ने बताया कि गोवर्धन उत्सव के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों का विशेष आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में दीपक कैथ एंड पार्टी के सौजन्य से माता रानी और भगवान श्रीकृष्ण का भव्य गुणगान किया गया। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।

इस आयोजन को सफल बनाने में मार्केट एसोसिएशन के सैकड़ों सदस्यों के साथ किसान नेता दुष्यंत सिंह ने भी निस्वार्थ भाव से सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही अन्नकूट भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गोवर्धन उत्सव का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी संदेश देता नजर आया।

