Tuesday, November 24, 2026
Google search engine
Homecrime newsरोहिणी जिले की नारकोटिक्स ने नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का भंडाफोड़

रोहिणी जिले की नारकोटिक्स ने नकली सिगरेट के बड़े कारोबार का भंडाफोड़

असल न्यूज़। दिल्ली में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार के खिलाफ रोहिणी जिला पुलिस की नारकोटिक्स स्टाफ टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नकली सिगरेट की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 लाख 69 हजार 600 नकली सिगरेट बरामद की हैं। सिगरेट की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया गया है।

पुलिस की जांच में इस पूरे नेटवर्क का कनेक्शन हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली से जुड़ा मिला। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने गांव नाथूपुर, कुंडली स्थित एक संदिग्ध अवैध सिगरेट निर्माण यूनिट पर छापा मारा। यहां से सिगरेट बनाने की एक मशीन, दो रैपर मशीन और भारी मात्रा में नकली सिगरेट के रैपर व फिल्टर बरामद किए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई रोहिणी जिला पुलिस के डीसीपी शशांक जायसवाल (IPS) के नेतृत्व में, ACP ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी और नारकोटिक्स स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में SI अशोक तोमर, HC नाजमू और HC सुमित शामिल रहे।

रोहिणी सेक्टर-3 में पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, रोहिणी जिले में नकली सामान की अवैध बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें काम कर रही थीं। इसी दौरान 19 नवंबर 2026 को नारकोटिक्स स्टाफ को थाना साउथ रोहिणी इलाके में नकली सिगरेट की सप्लाई को लेकर गुप्त सूचना मिली।

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में SI अशोक तोमर, हेड कांस्टेबल नाजमू और हेड कांस्टेबल सुमित की टीम ने रोहिणी सेक्टर-3 में जाल बिछाया।

कुछ देर बाद महिंद्रा पिकअप लेकर पहुंचे युवक को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कुनाल, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी गांव नाथूपुर, कुंडली, हरियाणा के रूप में हुई।

पिकअप से मिलीं 2,69,600 नकली सिगरेट
पुलिस ने आरोपी की महिंद्रा पिकअप की तलाशी ली तो उसमें से करीब 2,69,600 नकली सिगरेट बरामद हुईं। पुलिस ने सिगरेट की खेप और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा पिकअप को जब्त कर लिया।

इस मामले में थाना साउथ रोहिणी में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई और आरोपी कुनाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

कुंडली में चल रही संदिग्ध अवैध सिगरेट फैक्ट्री का खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि बरामद नकली सिगरेट की खेप हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली स्थित एक अवैध सिगरेट निर्माण यूनिट से सप्लाई की गई थी।

आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर रोहिणी नारकोटिक्स स्टाफ की टीम ने गांव नाथूपुर, कुंडली में बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। यहां पुलिस को एक संदिग्ध अवैध सिगरेट निर्माण यूनिट संचालित होती मिली।

फैक्ट्री से मशीनें और भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में नकली सिगरेट बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में शामिल हैं:

नकली सिगरेट के बॉक्स कवर – 97 किलोग्राम,नकली फिल्टर रोल – 20.4 किलोग्राम,सादे सफेद फिल्टर – 17.7 किलोग्राम,एक सिगरेट बनाने की मशीन,दो रैपर मशीनें

पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि इस यूनिट में कितने समय से नकली सिगरेट तैयार की जा रही थीं और इनकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी।

बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कुनाल की उम्र करीब 20 वर्ष है और वह हरियाणा के कुंडली स्थित गांव नाथूपुर का रहने वाला है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। साथ ही नकली सिगरेट के निर्माण, पैकेजिंग और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments