असल न्यूज़: दिल्ली मेट्रो में रील, एक दूसरे से लड़ाई के वीडियो अक्सर सामने आते रहते हैं। इस बीच दिल्ली मेट्रो में गैरकानूनी तरीके से पैसे वसूलने का खेल भी शुरू हो गया है। हालत यह है कि लोगों से पैसे मांगने वाले शख्स महिला कोच में भी पहुंच जा रहे हैं। लोगों की तरफ से विरोध करने पर लड़ाई करने पर उतारू हो जा रहे हैं। दिल्ली मेट्रो में इस तरह पैसे वसूलने का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो येलो लाइन पर छतरपुर के आसपास का बताया जा रहा है। एक महिला वकील ने इस तरह की वसूली को लेकर दिल्ली मेट्रो से शिकायत भी की है। इस पर डीएमआरसी ने खेद व्यक्त करते हुए मामले की जांच की बात कही है।
वीडियो में पैसे मांगता दिख रहा शख्स
एक महिला वकील @anulall ने अपने एक्स अकाउंट पर दिल्ली मेट्रो के लेडीज कोच का वीडियो शेयर किया है। वीडियो में एक युवक महिलाओं से पैसे मांगता नजर आ रहा है। इस बीच ये महिला युवक की तरफ से पैसे मांगने को लेकर आपत्ति व्यक्त करती है। महिला उससे कहती है कि यह गैरकानूनी है और आप लेडीज कोच में इस तरह का काम कर रहे हो। महिला उसकी पुलिस से शिकायत करने की बात कहती है। इस पर यह शख्स बिना कुछ कहे आगे बढ़ जाता है।
महिला की तरफ से टोके जाने पर अचानक मारने की आवाज आती है। इसके बाद वीडियो रिकॉर्ड करने वाली महिला खुद को नहीं मारने की बात कहती है। महिला ने शेयर किए गए वीडियो के साथ पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली में हर दिन अवैध फंड कलेक्शन होता है। अगर आप आपत्ति करते हैं या सवाल पूछते हैं, तो वे आप पर हमला करते हैं और आक्रामक हो जाते हैं।
लोगों ने डीएमआरसी के रवैये पर जताई नाराजगी
इस मामले में डीएमआरसी ने पोस्ट कर यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा, नमस्ते, किसी भी असुविधा के लिए हमें खेद है। इस मामले की जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को दे दी गई है।
वहीं, सोशल मीडिया पर डीएमआरसी के इस रवैये को लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है। @JunoVortex यूजर ने लिखा कि उम्मीद है कि उस व्यक्ति की पहचान CCTV से हो जाएगी और उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, उसे ऐसे ही नहीं छोड़ा जाएगा!! कृपया हमें बताते रहें कि आने वाले दिनों में क्या कार्रवाई की गई।
वहीं, एक अन्य यूजर @davetweetlive ने लिखा कि यह पहली बार नहीं है जब उसने ऐसी घटना की रिपोर्ट की है। मुझे नहीं पता कि आप लोग क्या कर रहे हैं। क्या आप इंतजार कर रहे हैं कि यह एक बड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बन जाए, और तभी कार्रवाई करेंगे जब सोशल मीडिया दबाव बनाएगा?

