अजय शर्मा: 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे को लेकर देश के कई हिस्सों में माहौल गर्माता नजर आ रहा है। हिंदू संगठन बजरंग दल के कुछ पदाधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि वे इस दिन पार्कों, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखेंगे। संगठन का कहना है कि भारतीय संस्कृति के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हर साल की तरह इस बार भी वैलेंटाइन डे को लेकर अलग-अलग विचार सामने आ रहे हैं। जहां एक ओर युवा वर्ग इसे प्रेम और दोस्ती के प्रतीक के रूप में मनाने की तैयारी में है, वहीं कुछ संगठनों द्वारा इसका विरोध भी किया जाता रहा है।
बता दें कई शहरों में पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी को भी जबरन परेशान करने या कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें। यदि किसी प्रकार की जबरदस्ती, धमकी या उत्पीड़न की घटना सामने आती है तो तुरंत स्थानीय थाने में सूचना दें।
वैलेंटाइन डे को लेकर हर साल बहस होती है, लेकिन प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

