असल न्यूज़: मध्य दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित शारदा मेडिकल सेंटर में पत्नी को भर्ती कराने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। वसीम नामक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर साले पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए ससुर और पत्नी के मामा को भी आरोपियों ने घायल कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही चांदनी महल पुलिस स्टेशनकी टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत लोक नायक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने वारदात के महज पांच घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कार्रवाई
डीसीपी मध्य जिला अनंत मित्तल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम, फईम, सलमान और मोहम्मद अली के रूप में हुई है। चारों चांदनी महल इलाके के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तीन चाकू और एक स्कूटी बरामद की गई है।
एसीपी कमल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित जांच कर आरोपियों को दबोच लिया। पीड़ित पक्ष के बयान और एमएलसी के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
क्या था विवाद?
पुलिस जांच में सामने आया है कि वसीम की पत्नी को उसकी साली ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। इस बात से नाराज वसीम अपनी मां के साथ अस्पताल पहुंचा, जहां ससुराल पक्ष से कहासुनी हो गई। पहले मारपीट हुई, फिर वसीम ने अपने भाई फईम और अन्य साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि हमला पहले से योजनाबद्ध था। फईम ने सलमान को चाकू लाने को कहा, जबकि सलमान ने मोहम्मद अली से दूसरा चाकू मंगवाया। तीनों स्कूटी से अस्पताल पहुंचे और वसीम के साले को देखते ही उस पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचे पिता और मामा पर भी चाकू से वार किए गए।
पुलिस जांच जारी
पूछताछ में वसीम ने बताया कि उसे शक था कि उसका साला उसकी वैवाहिक जिंदगी में दखल दे रहा है, जिसके चलते घर में तनाव रहता था। इसी कारण उसने हमला करने की योजना बनाई।
फिलहाल सभी आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।

