असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के Narela औद्योगिक थाना क्षेत्र में बाहरी उत्तरी जिले की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड) टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मोस्ट वांटेड आरोपी अक्षय उर्फ ‘टैक्सी’ को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी मनीष और एक CCL (बाल अपचारी) को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टीम को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की।
पुलिस पर की फायरिंग
बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही मुख्य आरोपी अक्षय उर्फ ‘टैक्सी’ ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
अस्पताल में भर्ती, पूछताछ जारी
घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने उसके साथी मनीष और एक CCL को भी पकड़ लिया है।
फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन मामलों में शामिल रहे हैं और उनके अन्य साथी कौन हैं।

