असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस को लेकर बड़ा संकट सामने आ रहा है। गैस एजेंसियों के दावे भले ही कागजों में समय पर सप्लाई के हों, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी 10 से 15 दिनों तक गैस सिलिंडर का इंतजार करना पड़ रहा है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
लक्ष्मी नगर, आरके पुरम, विवेक विहार, पंजाबी बाग, मुनिरका, मयूर विहार और संगम विहार जैसे क्षेत्रों से लगातार देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि ऑनलाइन या फोन से बुकिंग कराने के बावजूद समय पर डिलीवरी नहीं हो रही।
उपभोक्ताओं की बढ़ी मुश्किलें
लक्ष्मी नगर निवासी संजय ने बताया कि उन्होंने करीब 10 दिन पहले गैस सिलिंडर बुक कराया था, लेकिन अभी तक डिलीवरी नहीं हुई। कई बार एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
📌 एजेंसियों के दावे बनाम हकीकत
गैस एजेंसियां लगातार यह दावा कर रही हैं कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोग इस दावे को खारिज कर रहे हैं। देरी के कारण लोगों की रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
क्या है समस्या की वजह?
स्थानीय स्तर पर डिलीवरी में देरी, स्टॉक की कमी और बढ़ती मांग को इस संकट की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि, संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।

