असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली में एलपीजी सिलिंडरों के अवैध भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। दक्षिणी जिला पुलिस ने 223 गैस सिलिंडरों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र के राजपुर खुर्द गांव में की गई।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने गैस एजेंसी को लौटाने की बजाय बड़ी संख्या में एलपीजी सिलिंडर एक निजी गोदाम में छिपाकर रखे थे। सूचना मिलने पर 17 मार्च को स्पेशल स्टाफ टीम ने खसरा नंबर 28/2, जनरेटर वाली गली में छापा मारा।
कितने सिलिंडर हुए बरामद?
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 223 इंडेन LPG सिलिंडर बरामद किए, जिनमें:
-
16 भरे हुए घरेलू सिलिंडर
-
45 खाली घरेलू सिलिंडर
-
162 खाली कमर्शियल सिलिंडर शामिल हैं
साथ ही मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और 8 सेफ्टी कैप भी जब्त किए गए।
बिना लाइसेंस चल रहा था गोदाम
प्राथमिक जांच में सामने आया कि गोदाम बिना किसी वैध लाइसेंस के चलाया जा रहा था। इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडरों को बिना सुरक्षा इंतजाम के घनी आबादी में रखना बड़ा खतरा बन सकता था।
कौन हैं आरोपी?
पुलिस ने इस मामले में हितेश राठी और अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया है। गोदाम हितेश का बताया जा रहा है, जबकि अरविंद ने उसे किराए पर लिया हुआ था।
क्या था आरोपियों का प्लान?
जांच में पता चला कि ये सिलिंडर सप्लाई के लिए आए थे और खाली सिलिंडर एजेंसी को लौटाए जाने थे। लेकिन आरोपितों ने अवैध बिक्री के इरादे से इन्हें अपने पास ही रोक लिया।
कानूनी कार्रवाई
खाद्य आपूर्ति विभाग और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधियों द्वारा सिलिंडरों का सत्यापन कराया गया।
मामले में थाना मैदानगढ़ी में BNS की धारा 287, 288, 61(2) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

