असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब थाना नरेला क्षेत्र के रामदेव चौक के पास एक खुले मैदान में सुबह सवेरे एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस के साथ क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के बाद मृतक की पहचान मनदीप के रूप में हुई है, जो हरियाणा के जाजु कला का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह नरेला में अपने मामा के घर रह रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मनदीप की मौत हत्या के कारण हुई है या फिर किसी अन्य वजह से। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

