असल न्यूज़: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गांव मैन माजरी के पास हुआ। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब से दर्शन कर लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु बैसाखी के मौके पर धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने गए थे।
बिजली के खंभे से टकराकर पलटी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस पहले सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 6 लोगों ने दम तोड़ दिया।
मौके पर मचा कोहराम, राहत-बचाव जारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जांच में जुटी पुलिस
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

