असल न्यूज़: उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां यमुना नदी में नहाने के दौरान दो किशोर डूब गए। इस हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही।
मृतक की पहचान 13 वर्षीय दक्षु के रूप में हुई है, जबकि उसका दोस्त प्रताप अभी लापता है। दोनों अपने चार अन्य दोस्तों के साथ सूरघाट पर नहाने पहुंचे थे।
नहाने के दौरान गहरे पानी में फिसले
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को आंबेडकर जयंती की छुट्टी थी, जिसके चलते सभी दोस्त दोपहर करीब 1:30 बजे सूरघाट पहुंचे और यमुना में नहाने लगे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से दक्षु और प्रताप का संतुलन बिगड़ गया और दोनों डूबने लगे।
घटना के दौरान तीन दोस्त डर के कारण मौके से भाग गए, जबकि एक ने शोर मचाया। वहां मौजूद गोताखोर तुरंत पानी में कूदे और करीब 10 मिनट बाद दक्षु को बाहर निकाल लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर हालत में दक्षु को ट्रामा सेंटर, सिविल लाइंस ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन देर शाम तक जारी
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग, डीडीएमए और NDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी ने मिलकर देर शाम करीब 7 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन प्रताप का कोई सुराग नहीं मिल सका। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया,
परिवारों में मातम का माहौल
दक्षु तिमारपुर के तीन नंबर डेयरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था। उसके पिता कार धोने का काम करते हैं। वहीं प्रताप भी पास ही रहता है और उसके पिता कैंसर से पीड़ित हैं।
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

