जाफरपुर कलां में देर रात फायरिंग, एक की मौत, दोस्त घायल; आरोपी हेड कांस्टेबल फरार
असल न्यूज़: राजधानी दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में देर रात एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक कंपनी प्रतिनिधि की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे की है, जब पांडव कुमार अपने दोस्त कृष्ण के साथ जाफरपुर कलां गांव में सड़क पर खड़े थे। दोनों एक परिचित के घर आयोजित दो साल के बच्चे की जन्मदिन पार्टी में शामिल होकर लौट रहे थे।
करीब से मारी गोली
इसी दौरान, सामने रहने वाला आरोपी नीरज वहां आया और दोनों से बहस करने लगा। आरोप है कि कहासुनी के दौरान उसने बेहद करीब से पांडव कुमार के सीने में गोली मार दी। गोली उनके शरीर को भेदते हुए पीछे खड़े उनके दोस्त कृष्ण को भी लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्ण का इलाज जारी है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बहस के दौरान जातिसूचक टिप्पणियां कीं और बिना किसी उकसावे के गोली चला दी। परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था।
मृतक की मां मीना देवी, ने बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और बेहद मेहनती था।
पुलिसकर्मी पर संदेह, पुष्टि बाकी
सूत्रों के अनुसार, आरोपी नीरज दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा में तैनात है और हेड कांस्टेबल बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।
मामला दर्ज, आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने बताया कि, आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के महम क्षेत्र का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से अकेले रह रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

