प्रदीप सिंह उज्जैन। अम्बेडकर नगर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। AATS स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात कच्छा-बनियान गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली मारी, जिसके बाद उन्हें काबू में लिया गया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, ये वही गैंग है जिसने एक दिन पहले इलाके में एक परिवार को बंधक बनाकर घर में लूटपाट की थी। इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसके आधार पर पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर उन्हें ट्रैक किया।
मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके कब्जे से हथियार व अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही हाल ही में हुई लूट की अन्य घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

