असल न्यूज़: दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद में 15 वर्षीय छात्र अयान मंसूरी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत मृतक के छोटे भाई को थप्पड़ मारने से हुई थी,। जब अयान ने आरोपी से इसका कारण पूछा, तो विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
ब्रह्मपुरी इलाके में रहता था अयान
मृतक अयान अंसारी अपने परिवार के साथ ब्रह्मपुरी स्थित गड्ढे वाली मस्जिद, गौतम विहार की गली नंबर-7 में रहता था। नॉर्थ ईस्ट जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि अयान 10वीं कक्षा का छात्र था और गौतमपुरी इलाके के एक स्कूल में पढ़ाई करता था।
परिवार में उसके पिता सगीर अहमद, मां शबीना और दो छोटे भाई सानिब और अल्तमस हैं। अयान के पिता कबाड़ी की दुकान चलाते हैं।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अयान को परिजन इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल (जेपीसी) लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया।
पुलिस को 9 मई की देर शाम अस्पताल से चाकूबाजी की सूचना मिली थी। इसके बाद न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कई अहम सबूत जुटाए। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए एसएचओ राजेंद्र कुमार की अगुवाई में विशेष टीम बनाई गई।
तीसरे पुश्ते से पकड़ा गया आरोपी
जांच के दौरान रविवार सुबह पुलिस ने आरोपी नाबालिग को तीसरे पुश्ते इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका अयान के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम, अयान का छोटा भाई सानिब घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपी अपने दोस्तों के साथ मिला और उसने सानिब को थप्पड़ मार दिया। सानिब ने यह बात अपने बड़े भाई अयान को बताई।
इसके बाद अयान अपने एक दोस्त के साथ के-ब्लॉक इलाके में आरोपी से बात करने पहुंचा। इसी दौरान दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई और आरोपी ने अयान पर लगातार सात बार चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत और गुस्से का माहौल है।

